कौशाम्बी। सिराथू तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोखराज उपरहार में जलभराव और पानी निकासी को लेकर ग्रामीणों ने राजस्व टीम पर मनमानी का आरोप लगाया है। गुरुवार को लगातार हुई बारिश के कारण गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर समस्या के समाधान के लिए राजस्व टीम गांव पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पूर्वजों के समय से गढ़ही का पानी पश्चिम दिशा की ओर निकलता था, लेकिन गांव के ही एक व्यक्ति ने उस प्राकृतिक जल निकासी मार्ग को बंद कर दिया है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गढ़ही के उत्तर दिशा में लगभग 30 मीटर की दूरी से निकलने वाले पानी का रास्ता भी अवरुद्ध कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने राजस्व टीम से बंद किए गए जल निकासी मार्ग को खुलवाने की मांग की, लेकिन उनका आरोप है कि अवरुद्ध रास्ता खुलवाने के बजाय लेखपाल ने दूसरे स्थान पर मनमाने ढंग से नाली निर्माण कराने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित स्थान वर्षों से पानी निकासी और कच्चे रास्ते के रूप में उपयोग में रहा है।
इस मामले को लेकर गांव में नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर प्राकृतिक जल निकासी मार्ग को बहाल कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
जल निकासी को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, लेखपाल पर मनमानी का आरोप
By Suresh Pal
On: August 7, 2026 8:33 PM
ads








