कौशाम्बी। सैनी थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर कछुआ के मजरा धारूपुर गांव में रविवार सुबह जहरीले जंतु के काटने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। धारूपुर निवासी शांति देवी (56) पत्नी टुल्ला रविवार सुबह घर में शौच के लिए डिब्बा लेने गई थी। इसी दौरान किसी जहरीले जंतु ने उसकी उंगली में काट लिया। कुछ ही देर में तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू लेकर गए। इस दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सैनी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की तथा परिजनों को शासन स्तर से हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। मृतका अपने पीछे पति टुल्ला, तीन बेटियों और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जहरीले जंतु के काटने से महिला की मौत, कोहराम
By Suresh Pal
On: August 2, 2026 10:43 PM
ads








