मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य
ads

जिलाधिकारी सख्त: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं चलेगी, संस्थागत प्रसव और टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश

On: August 8, 2026 7:14 PM
Follow Us:
ads

आत्माराम त्रिपाठी

बांदा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। जननी सुरक्षा योजना में 3600 के लक्ष्य के सापेक्ष केवल 23 प्रतिशत प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि आशाओं के माध्यम से शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किए जाएं। बैठक में यह भी बताया गया कि योजना के लाभार्थियों का भुगतान अब तक 77 प्रतिशत ही हुआ है, जिसे तुरंत पूरा करने के आदेश दिए गए।
टीकाकरण की समीक्षा में महुआ और तिंदवारी ब्लॉक के कमजोर संकेतकों पर चिंता जताई गई। जिलाधिकारी ने इन क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान को तेज करने के निर्देश दिए। सभी स्वास्थ्य इकाइयों को आशाओं का कम्पोजिट स्कोर तैयार कर उसी के आधार पर कार्य की निगरानी करने को कहा गया। साथ ही एएनएम की अद्यतन सूची एचएमआईएस पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। तिंदवारी के ग्राम खप्टिहाकला में वीएचएसएनडी सत्रों की निगरानी के लिए 2 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के आदेश भी दिए गए।
बैठक में 15 अगस्त तक सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने को कहा गया। टीबी मुक्त पंचायत के लिए गांव-गांव स्क्रीनिंग और ब्लॉक स्तर पर टास्क फोर्स बनाने के निर्देश दिए गए। अगस्त माह में आशाओं के सहयोग से सभी नागरिकों के आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता पहचान पत्र बनवाने को कहा गया। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत पात्र लोगों के कार्ड जल्द बनाने और अधिक से अधिक निजी अस्पतालों को योजना से जोड़ने के निर्देश नोडल अधिकारी को दिए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी को महुआ ब्लॉक के नौहाई उप स्वास्थ्य केंद्र पर जलभराव की समस्या का समाधान कराने को कहा गया।
गरीब मरीजों को राहत देने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हड्डी रोग के ऑपरेशन में उपयोग होने वाले प्रत्यारोपण की व्यवस्था सरकारी स्तर पर करने के निर्देश दिए गए। जिन स्वास्थ्य इकाइयों में परिवार नियोजन की प्रगति शून्य है, उनके प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज सहित सभी अस्पतालों को अस्पताल से बाहर की दवाएं न लिखने की सख्त हिदायत दी गई। अंत में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एलबेंडाजोल की दवा खिलाने का निर्देश सभी ब्लॉक इकाइयों को दिया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment