राइस मिलर्स, एफसीआई समेत सभी संबंधित विभागों के साथ डीएम की समीक्षा बैठक
पीलीभीत। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीद को सुचारु, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार धान का समर्थन मूल्य 2441 घोषित किया गया है। कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में प्रस्तावित धान क्रय केंद्रों, खरीद नीति और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खरीद सत्र प्रारंभ होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा द्वारा जारी पत्र के अनुसार बैठक में जिले के सभी उपजिलाधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव, सभी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विभिन्न क्रय संस्थाओं के जिला प्रबंधक, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के जिला प्रभारी तथा राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।समीक्षा बैठक में सबसे पहले जिले में संचालित किए जाने वाले धान क्रय केंद्रों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद धान खरीद नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, खरीद केंद्रों पर किसानों को मिलने वाली सुविधाओं, टोकन व्यवस्था, भुगतान प्रणाली, भंडारण, परिवहन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं और किसानों को समय पर टोकन तथा भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करें, जिससे धान खरीद सत्र निर्बाध रूप से संचालित हो सके।बैठक में धान के सुरक्षित भंडारण, परिवहन व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण, केंद्रों पर आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा किसानों की सुविधा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। प्रशासन का उद्देश्य है कि खरीद शुरू होने के बाद किसानों को लंबी प्रतीक्षा, भुगतान में देरी अथवा अन्य समस्याओं का सामना न करना पड़े। जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को धान खरीद में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इस समीक्षा बैठक के बाद जिले में धान क्रय केंद्रों के निर्धारण और खरीद व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया जाएगा, जिससे आगामी खरीद सत्र में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीद सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके। डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा शर्मा ने बताया धान खरीद को लेकर एजेंडा के अनुसार बैठक हुई है। पारदर्शिता से खरीद और किसानों का सम्मान प्राथमिकता रहेगी।
——————————-








