मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य
ads

नैनो उर्वरक व जैविक तकनीकों से बढ़ेगा उत्पादन

On: July 29, 2026 11:01 PM
Follow Us:
ads

किसानों की आय होगी दोगुनी: यशवीर सिंह

पीलीभीत।बदलती जलवायु, बढ़ती खेती की लागत और घटती भूमि उर्वरा शक्ति के बीच आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर बुधवार को जनपद पीलीभीत के विकासखंड अमरिया के ग्राम निसरा स्थित केजीएन बहुउद्देशीय सहकारी समिति पर इफको द्वारा किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को नैनो उर्वरकों, जैविक तकनीकों एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको बरेली मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक यशवीर सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि इफको नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी जैसे नवाचार किसानों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इनके प्रयोग से फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होती है, उर्वरकों की खपत कम होती है तथा लागत घटने से किसानों की आय में भी इजाफा होता है। उन्होंने किसानों से पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान किया।इफको क्षेत्र अधिकारी दीपक चौधरी ने किसानों को इफको तरल कंसोर्टिया, बायो डी-कंपोजर और जल विलय उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन तकनीकों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है, सूक्ष्मजीव सक्रिय होते हैं और फसल की उत्पादकता में सकारात्मक सुधार देखने को मिलता है।वहीं इफको एमसी प्रशांत चौधरी ने फसल सुरक्षा, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा उन्नत कृषि उत्पादों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मौसम के अनुरूप खेती करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में यूपीएसएस माधोपुर के चंदू शर्मा, यूपीएसएस अमरिया के सुरेश कुमार, औद्यानिक समिति निसरा के मोहम्मद अतहर सहित क्षेत्र के लगभग 40 से 45 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।समापन अवसर पर किसानों को बायो डी-कंपोजर का वितरण किया गया। साथ ही कृषि जलवायु क्षेत्र योजना के अंतर्गत इफको नैनो यूरिया प्लस (तरल) आधारित फसल प्रदर्शन भी क्षेत्रीय प्रबंधक यशवीर सिंह की उपस्थिति में स्थापित कराया गया, ताकि किसान खेत पर ही इसके परिणामों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठा सकें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment