कौशाम्बी। पिपरी थाना क्षेत्र के कसेंदा गांव में हुई मोबाइल छिनैती की घटना के एक आरोपी को सोमवार रात पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान उसे पैर में गोली लगी। लिखापढ़ी के बाद उसका चालान कर दिया गया है। एक अन्य बदमाश की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पकड़ा गया बदमाश लूट की घटना में भी शामिल रहा है। कसेंदा निवासी तौसीफ अहमद पुत्र स्व. सगीर अहमद ने बताया कि 31 जुलाई की रात वह घर के समीप सड़क किनारे खड़ा होकर किसी से फोन पर बातचीत कर रहा था। तभी प्रयागराज की तरफ से आई मोटर साइकिल पर सवार तीन युवक मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे।ग्रामीणों ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया था। पुलिस उसका चालान कर चुकी है। फरार दो अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। सोमवार रात उपनिरीक्षक विधान चंद्र राय के नेतृत्व में पुलिस मनौरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह चायल की ओर भागने लगे। उप निरीक्षक की सूचना पर थाना पिपरी व चरवा की टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी। संदिग्ध रतगहा की ओर मुड़े व गुंगवा की बाग के पास बाइक छोड़कर झाड़ियों में भागे। साथ ही पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में चलाई गई पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लगी। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा एवं दो खोखा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी ने अपना नाम प्रदीप पुत्र किशन, निवासी पनभरा मंदर मोड़, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज बताया। पूछताछ में आरोपी प्रदीप ने कसेंदा छिनैती के साथ थाना चरवा क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना को भी अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर अंजाम देने का जुर्म कबूल किया।
ads








