14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे कार्यक्रम
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने की, जबकि संचालन अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री मंगली प्रसाद वर्मा ने किया।जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर 13 अगस्त को जनपद में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गोष्ठी एवं मौन जुलूस आयोजित होगा। वहीं 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान महापुरुषों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिला प्रभारी गुलशन आनंद ने कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बिना किसी भेदभाव के अभियान को सफल बनाना चाहिए। आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना होगा।कार्यशाला में जिला महामंत्री महादेव गाईन, अनुराग अग्निहोत्री, नगर पालिका परिषद पीलीभीत की चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल, बरखेड़ा नगर पंचायत चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल, ब्लॉक प्रमुख निशान सिंह, अशोक शर्मा सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








