आत्माराम त्रिपाठी
बांदा। आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने शनिवार को जसपुरा तहसील में समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनीं। पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस के साथ उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद, पैमाइश, सीमांकन और अतिक्रमण के मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम से जांच कराने को कहा।
इसके बाद आयुक्त ने मंडी समिति जसपुरा का औचक निरीक्षण किया। यहां करीब 65 बोरा गेहूं खुले में शेड के नीचे रखा मिला। बारिश से गेहूं खराब होने की आशंका पर उन्होंने नाराजगी जताई और खाद्य विपणन अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया। गेहूं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर रखवाने के निर्देश दिए।
सहकारी साधन समिति रामपुर में निरीक्षण के दौरान ताला लटका मिला। ग्रामीणों ने बताया कि समिति कभी-कभी ही खुलती है। इस पर आयुक्त ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और सीएससी का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।








