कानपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में निर्माणाधीन टाटा टेक्नोलॉजी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
यह सेंटर तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद छात्रों को आधुनिक तकनीकों, अत्याधुनिक मशीनों और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना प्रदेश के अग्रणी राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में शामिल कानपुर पॉलिटेक्निक को नई पहचान देगी। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल विकास का अवसर मिलेगा और तकनीकी शिक्षा को नया आयाम प्राप्त होगा।








