रात में गश्त कर रही पुलिस टीम ने बनाया वीडियो, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
पीलीभीत। पूरनपुर तहसील के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात मुख्य सड़क पर एक वन्यजीव के घूमने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गढ़ाकलां नवदिया से सेहरामऊ उत्तरी जाने वाले मार्ग पर रात करीब 11 बजे गश्त कर रही पुलिस टीम ने बाघ को सड़क पर चहलकदमी करते देखा।पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित दूरी से उसका वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की हेडलाइट पड़ते ही वन्यजीव सड़क छोड़कर पास के धान के खेत में चला गया और कुछ ही देर में ओझल हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम सक्रिय हो गई तथा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई। घटना के बाद गढ़ाकलां नवदिया समेत आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है। पुलिस और वन विभाग ने लोगों से रात के समय अकेले बाहर न निकलने, खेतों की ओर जाते समय सतर्क रहने तथा बाघ दिखाई देने पर उसे उकसाने या उसके करीब जाने के बजाय तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना देने की अपील की है। वन्यजीव देखे जाने के बाद कुछ लोग बाघ और तेंदुए बता रहे हैं।








