विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ किया मतदान, लोकतंत्र और नेतृत्व के मूल्यों का मिला संदेश
पूरनपुर, पीलीभीत। स्वामी एजुकेशनल पब्लिक स्कूल, पूरनपुर में बुधवार को विद्यालय के हेड बॉय एवं हेड गर्ल के निर्वाचन के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।हेड गर्ल पद के लिए रिशमप्रीत कौर, खुशमन प्रीत कौर और रिदमप्रीत कौर ने चुनाव मैदान में अपनी दावेदारी पेश की। वहीं हेड बॉय पद के लिए हरमनप्रीत सिंह, नमन बरमानी, इशमीत सिंह, ईशांत शर्मा और गुरविंदर सिंह ने चुनाव लड़ा। सभी प्रत्याशियों ने विद्यालय के विकास, अनुशासन और छात्र-हित से जुड़े अपने विचार विद्यार्थियों के समक्ष रखे।मतदान प्रक्रिया का शुभारंभ विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर गुरु भाग सिंह ने प्रथम मतदान कर किया। इसके बाद शिक्षक अपने-अपने कक्षाओं के विद्यार्थियों को निर्धारित समयानुसार मतदान स्थल तक लेकर पहुंचे और मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया। जूनियर, सीनियर एवं सीनियर सेकेंडरी वर्ग के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया।
प्रधानाचार्य लखबीर सिंह एवं एडमिनिस्ट्रेटर कुलजीत कौर के निर्देशन में मुख्य चुनाव अधिकारी नवनीत दीक्षित तथा पीठासीन अधिकारी पवनदीप कौर, समर नदीम और सिमरन कौर ने चुनाव प्रक्रिया का संचालन किया। वरिष्ठ अध्यापक कार्तिक जोरदार, दीपक मिश्रा, बुशरा खातून, हरजीत कौर, अंकुर दीक्षित, रितेश सक्सेना, प्रदीप श्रीवास्तव, शरद कुमार, सिद्धार्थ शर्मा, शिवम शर्मा सहित समस्त शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ ने चुनाव को सफल बनाने में सहयोग दिया। मुख्य कार्यालय लिपिक राजेंद्र सक्सेना, युवराज शर्मा तथा महेंद्र दीक्षित का सहयोग भी सराहनीय रहा।पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुई। विद्यालय प्रशासन ने प्रत्येक विद्यार्थी को बिना किसी बाधा के मतदान का अवसर उपलब्ध कराया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व और सामाजिक सहभागिता की भावना का विकास करना रहा।मतदान समाप्त होने के बाद प्रधानाचार्य लखबीर सिंह ने मैनेजिंग डायरेक्टर, समस्त शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे लोकतांत्रिक आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें भविष्य का जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।








