मारपीट व धमकी का आरोप; पुलिस को दी तहरीर
पूरनपुर, पीलीभीत। इन दिनों पुरानी तहसील ध्वस्तीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। गुरुवार तहसील में खड़े हरे आम पेड़ काटने पर अधिवक्ता भड़क गए। कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र में हरे-भरे आम के पेड़ कटवाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और पेड़ों की कटान का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।तहरीर के अनुसार, ग्राम शेरपुर कलां निवासी मुर सलीम ने आरोप लगाया है कि गुरुवार को एक ठेकेदार के सहयोगी के दबाव में उससे फलदार आम का पेड़ कटवाया गया। इसी दौरान अधिवक्ताओं को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने पेड़ कटवाने का कारण पूछा। इस पर उसने कथित रूप से बताया कि ठेकेदार के कहने पर पेड़ काटा गया। आरोप है कि इसके बाद ठेकेदार ने उसके साथ मारपीट की,गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने स्वयं को भयभीत बताते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना, महामंत्री सुशील सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय पांडेय सहित कई अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। अधिवक्ताओं ने हरे-भरे फलदार पेड़ों की कटान पर कड़ा विरोध जताया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।मामले में पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर गौरव पांडेय, हरिओम,मुकेश श्रीवास्तव सहित कई लोग मौजूद रहे।








