इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
शिकायतकर्ता ने डीएम को पत्र भेजकर तत्काल निर्माण कार्य बंद कराने की उठायी मांग
ललितपुर। ग्रामीण अंचलों से ग्राम सभा की जमीनों पर अवैध कब्जे के मामले पहले कभी सुनने और पढऩे को मिलते थे। लेकिन अब मुख्यालय पर ही सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले प्रकाश में आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को शहर के शाही रोड गुरूद्वारा के पास से प्रकाश में आया है। यहां आरोप लगाया गया है कि नजूल की भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कर बिना नक्शा स्वीकृत कराये ही दुकानों का निर्माण कर लिया गया है। शिकायतकर्ता ने इस मामले में उप जिलाधिकारी / नियत प्राधिकारी विनियमित क्षेत्र को शिकायती पत्र भेजते हुये बिना मानचित्र स्वीकृत कराये अनाधिकृत निर्माण कार्य को तत्काल बंद कराये जाने की मांग उठायी है।
मोहल्ला लक्ष्मीपुरा प्राईमरी विद्यालय के सामने रहने वाले चम्पालाल पुत्र रामसेवक ने जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में बताया है कि उन्होंने 29 जनवरी 1995, 26 नवम्बर 2018 एवं 26 दिसम्बर 2018 के द्वारा शिकायत की गयी थी कि शाही रोड ललितपुर गुरूद्वारा के पास कैलाशनारायण झां पुत्र श्री तुलसीराम झां ने मकान के पूर्व में दरवाजे के बगल में खुली पडी नजूल की भूमि 110 वाई 8 फीट पर बिना नक्शा स्वीकृत कराये ही दुकानों का निर्माण कर लिया था, जिसकी शिकायते शिकायतकर्ता द्वारा की गयी। बताया कि अवैध दुकानों का निर्माण कराने वाले कैलाशनारायण की मृत्यु के पश्चात इनके भाई शंकरलाल झां, प्रकाशनारायन झां एवं कैलाशनारायण झां के पुत्र रविकान्त के द्वारा नजूल की भूमि पर निर्मित अवैध निर्माण को रत्तोबदल किया जा रहा है। इतना ही नहीं अन्दर से पिलर खड़े करके अन्दर अन्दर दुकानों का पक्का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें किसी प्रकार से नियतप्राधिकारी से कोई भी नक्शा इत्यादि स्वीकृत नहीं है तथा नजूल की बेशकीमती भूमि पर दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता द्वारा निर्माण कार्य को तत्काल बंद कराया जाकर कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है।

Today Warta