राकेश केशरी
खरीदारी को बाजारों में उमड़ी भीड़
कौशाम्बी। एक सप्ताह में अचानक सर्दी बढ़ने से बाजार में भीड़ बढ़ गई है। गर्म कपड़ों से लेकर सर्दी से बचाव की वस्तुओं की मांग बढ़ गई है। बजट के हिसाब से लोग खरीदारी कर रहे हैं। कोई शोरूम से सामान खरीद रहा तो कोई फुटपाथ पर लगी दुकानों से। भीड़ बढ़ने से दुकानदारों को काफी राहत मिली है। बाजार में गर्म कपड़ों की डिमांड बीते दस दिनों से दोगुनी से अधिक बढ़ गई है। इसमें जैकेट, स्वेटर, रजाई, कंबल, शॉल, टोपी व दस्तानों की मांग अधिक हो रही है। दुकानों, शोरूम और फुटपाथ पर फेरी लगाने वालों के पास खरीदार खूब आ रहे हैं। वही इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर रूम हीटर, ब्लोअर और पानी गर्म करने वाली रॉड की डिमांड बढ़ गई है। कई दुकानदारों ने ठंड को देखते हुए स्टॉक ज्यादा मंगा लिया है। हालांकि कीमतों में कोई उछाल नहीं है। पहले के रेट पर ही सामान की ब्रिकी हो रही है। जबकि कोयला पिछले सप्ताह 25 रुपये किलो बिक रहा था। दिन में धूप न निकलने के साथ ही कड़ाके की ठंड से कोयला की डिमांड बढ़ गई। इससे सप्ताह भीतर मांग के साथ कीमत बढ़कर 35 रुपये हो गई है। जो दुकानदार एक दिन में दो क्विंटल बेच रहा था। अब वह छह से सात क्विंटल की बिक्री कर रहा है।

Today Warta