इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
ललितपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमण्डल जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और वित्त एवं लेखाधिकारी से मिलकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं का मांग पत्र सौंपा। इसके उपरान्त मांगपत्र के अनुसार संगठन एवं दोनों अधिकारियों के मध्य वार्ता प्रारंभ हुई। जिसमें प्रमुख रूप से अध्यापकों की पदोन्नति के सम्बन्ध में वरिष्ठता सूची के सम्बन्ध में चर्चा की गई। जिस पर बीएसए द्वारा बताया गया कि ब्लॉक स्तर पर वरिष्ठता सूची तैयार करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। एनपीएस के अभाव में वेतन बन्द होने के मुद्दे पर चर्चा हुई, जिस पर वित्त एवं लेखाधिकारी द्वारा स्पष्ट रूप से कहा गया कि एनपीएस के अभाव में किसी की वेतन बन्द नहीं होगी। इसके अलावा पीपीएफ की धनराशि अध्यापकों के खातों में न पहुंचने, विभिन्न अवशेष देयकों को अध्यापकों के खातों में भेजने, ऐसे शिक्षकों (एससी/एसटी) जिनके चयन वेतनमान बहुत पहले स्वीकृत हो गए थे उनके वेतन निर्धारण न होने, जिन शिक्षकों के वेतन निर्धारण हो चुके हैं उनके वेतन अवशेष का भुगतान की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। जिस पर वित्त एवम लेखाधिकारी ने आश्वासन दिया कि इसी माह उनके वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण कर दी जायेगी। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया चार ब्लॉक की पूर्ण हो चुकी है। शेष दो ब्लॉक की निर्धारण प्रक्रिया गतिमान है,जैसे ही सभी ब्लॉक के वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण हो जायेगी, उनके अवशेषों का भुगतान कर दिया जायेगा। बीएसए को अवगत कराया गया कि कई शिक्षकों की नियमित सेवा को दस वर्ष पूर्ण हो गए हैं, किन्तु उनके चयन वेतन स्वीकृत नहीं किए गए साथ ही मध्यान्ह भोजन योजना की कन्वर्जन कास्ट नौ महीने से नहीं मिली आदि सहित विभिन्न समस्याओं पर बात की,जिस पर लेखाधिकारी द्वारा बताया गया कि कनवर्जन कास्ट एक दो संबंधित के खातों में पहुंच जायेगी। जिन नवनियुक्त शिक्षकों के सभी सत्यापन कार्यालय को प्राप्त हो गए हैं उनके अवशेष भुगतान के आदेश इसी माह में कर दिए जायेंगे। दोनों अधिकारियों ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता पूर्वक सुना व उनके निराकरण हेतु बिंदुवार समयावधि निर्धारित करते हुए समस्त मांगों को यथाशीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। वार्ता के दौरान संघ के जिला मन्त्री अरुण गोस्वामी, जिला कोषाध्यक्ष संतोष रजक, ब्लॉक जखौरा मंत्री आलोक स्वामी, ब्लॉक मड़ावरा के कोषाध्यक्ष प्रकाश साहू, सुरेन्द्र पटेरिया आदि उपस्थित रहे।

Today Warta