राकेश केशरी
कौशाम्बी। भरवारी रेलवे फाटक में शनिवार दोपहर अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इससे करीब दो घंटे तक फाटक नहीं उठा। जिसकी वजह से फाटक के दोनों तरफ भीषण जाम लग गया। मामले की जानकारी होने पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने तकनीकी फाल्ट को दुरूस्त किया। उसके बाद आवागमन सुचारू रूप से जारी हो सका। भरवारी रेलवे फाटक शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रेन के आवागमन की वजह से बंद कर दिया गया। इसके बाद ट्रेन गुजरी तो गेटमैन ने फाटक को उठाने का प्रयास किया, लेकिन फाटक नहीं उठ सका। इस पर गेटमैन ने मामले की जानकारी भरवारी स्टेशन अधीक्षक को दी। कर्मचारियों के साथ मौके पर स्टेशन अधीक्षक पहुंचे और करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद फाटक को उठाया जा सका। फाटक बंद होने के दौरान मेहता रोड, मंझनपुर रोड, मूरतगंज रोड और गौरा रोड पर करीब ढ़ाई घंटे तक भीषण जाम लग रहा।

Today Warta