कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर में शिक्षक के घर हुई डकैती की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे में राजफाश कर दिया। पुलिस की गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 25-25 हजार रुपये के इनामी पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से डकैती में लूटा गया माल भी बरामद किया गया है।
घटना के अनावरण में पुलिस टीमों की सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मामले में चकेरी और रेलबाजार थाना पुलिस समेत अन्य टीमों को लगाया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई कार्रवाई के आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई और सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। डकैती की घटना का 48 घंटे में सफल अनावरण करने पर पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त चकेरी आशुतोष कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक चकेरी अजय प्रकाश मिश्र और प्रभारी निरीक्षक रेलबाजार अमान सिंह समेत घटना के अनावरण में शामिल सभी अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुलिस आयुक्त ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ा है।