कौशाम्बी। कौशाम्बी ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोपसहसा में लाखों रुपये की लागत से निर्मित आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) लंबे समय से बंद पड़ा है। सेंटर के मुख्य गेट पर ताला लटकने से गांव में कचरा प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। इसके चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लग रहे हैं, जिससे गंदगी फैलने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। गोपसहसा गांव में लाखों रुपयों की लागत से आरआरसी का निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों ने राहत महसूस किया था कि अब गांव में कहीं भी गंदगी नहीं रहेगी। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण यह केवल शोपीस बनकर रह गया है। नियमित संचालन न होने से कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण नहीं हो पा रहा है और लोग मजबूर होकर खाली स्थानों व सड़कों के किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। इससे गांव में जहां जगह-जगह कूड़े का अंबार है। वहीं, दूसरी ओर गंदगी से फैलने वाली संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। ब्लॉक में तैनात महकमे के जिम्मेदार हैं कि उन्हें महज पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव के आरआरसी में लटक रहे ताले की भनक तक नहीं है। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि ब्लॉक क्षेत्र में लाखों की लागत से बनवाए गए आरआरसी के संचालन को लेकर है। जल्द ही जांच कराकर सम्बंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए संचालन शुरू कराया जाएगा, जिससे कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुचारू हो सके और ग्रामीणों को समस्याओं से निजात मिल सके।
