ईडब्ल्यूएस रिपोर्ट के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप

Suresh Pal
2 Min Read

कौशाम्बी। तहसील चायल में ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र की रिपोर्ट लगाने के दौरान एक लेखपाल पर अधिवक्ता से रिश्वत मांगने, गाली-गलौज करने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित अधिवक्ता ने पिपरी थाने में तहरीर देकर लेखपालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रयागराज जनपद के अल्लापुर निवासी प्रशांत मिश्रा चायल तहसील में प्रैक्टिस करते हैं। उनका आरोप है कि उनके मामा के पुत्र वैभव मिश्र का जून 2026 में ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी हुआ था, लेकिन पिता के नाम के आगे सरनेम न होने के कारण नया ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनवाया जा रहा था। मंगलवार को क्षेत्रीय लेखपाल से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने अपना कार्यभार दूसरे लेखपाल को सौंपे जाने की जानकारी देते हुए उनसे रिपोर्ट लगवाने की बात कही।
इसके बाद प्रशांत मिश्र फरियादी के साथ लेखपाल के पास पहुंचे। आरोप है कि लेखपाल ने रिपोर्ट लगाने के लिए दो हजार रुपये की मांग की। विरोध करने पर उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान एक अन्य लेखपाल ने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों लेखपालों ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट में अधिवक्ता के उंगली में गंभीर चोट आई और ईडब्ल्यूएस से संबंधित दस्तावेज भी फेंक दिए। पीड़ित ने बुधवार सुबह सैकड़ों अधिवक्ता साथियों के साथ थाने का घेराव कर आरोपित लेखपालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। इस सम्बन्ध में एसओ विकास सिंह का कहना है कि मामले की तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *