कौशाम्बी। श्रावण मास में कांवरियों और शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा और सिराथू में छह-छह बेड के विशेष इमरजेंसी वार्ड तैयार किए गए हैं। इन वार्डों में सावन माह के दौरान 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सीएचसी कड़ा अधीक्षक डॉ. मोहम्मद सऊद ने बताया कि कावरियों के लिए बनाए गए इमरजेंसी वार्ड में एक चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, वार्ड ब्वॉय तथा आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की समुचित व्यवस्था की गई है। एंबुलेंस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थान से कांवरिया के घायल अथवा बीमार होने की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल लाएं।
चिकित्सकों को भी निर्देशित किया गया है कि मरीज के पहुंचते ही बिना विलंब उपचार शुरू करें तथा गंभीर स्थिति होने पर प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल रेफर करें। सीएचसी सिराथू के अधीक्षक डॉ. अरुण तिवारी ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सभी आवश्यक दवाओं व उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। सफाई कर्मियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वार्ड की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि सावन माह में अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक कांवरिया का प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जाएगा तथा उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। बता दें कि कड़ा व सिराथू सीएचसी में पूरे सावन माह में कांवरियों की चिकित्सा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा चुके हैं। ऐसे में यदि कोई कांवरिया दुर्घटना अथवा बीमारी का शिकार होता है तो उसे तत्काल उपचार मिलना तय है।