कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को डीएम-एसपी का फोकस, दिए सख्त निर्देश

Suresh Pal
3 Min Read

पीलीभीत। सावन माह में निकल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण शाही थाना क्षेत्र से शुरू होकर लाल रोड होते हुए तहसील चौराहे (कोतवाली क्षेत्र) तक किया गया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छता संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी और प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।पुलिस प्रशासन के अनुसार जनपद के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों, मंदिरों एवं संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों तथा अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान लागू किया गया है।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना दें।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जा रही हैं।
———————–

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *