कानपुर में गंगा का जलस्तर अगले तीन दिनों में तेजी से बढ़ने की संभावना है। सिंचाई विभाग के अनुसार, नरौरा बैराज से छोड़ा गया भारी मात्रा में पानी करीब तीन दिन बाद कानपुर पहुंचेगा, जिससे कटरी क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है। गुरुवार को गंगा बैराज पर अपस्ट्रीम जलस्तर 112.950 मीटर और डाउनस्ट्रीम जलस्तर 112.120 मीटर दर्ज किया गया। जल प्रवाह में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वर्तमान में हरिद्वार से 1,33,000 क्यूसेक तथा नरौरा बैराज से 1,40,442 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, गंगा बैराज से 83,039 क्यूसेक और शुक्लागंज की ओर 1,10,850 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है। प्रशासन ने कटरी क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यदि जलस्तर में अनुमान के अनुरूप वृद्धि होती है, तो निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

