दहेज न मिलने पर विवाहिता को जलाकर मारने की धमकी,पांच पर मुकदमा

Suresh Pal
3 Min Read

पीलीभीत।सेहरामऊ उत्तरी। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर सेहरामऊ उत्तरी थाना पुलिस ने विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन तेज कर दी है।दौलतपुर गांव निवासी क्रांति देवी ने न्यायालय के माध्यम से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह पीलीभीत निवासी आदेश कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। विवाहिता के मुताबिक, ससुरालियों ने उससे पहले 40 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये दहेज के रूप में लिए। इसके बावजूद आरोपियों की मांग समाप्त नहीं हुई और बाद में उससे तीन लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा।
विवाहिता का आरोप है कि मायके से तीन लाख रुपये लाने में असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकालने का प्रयास किया। आरोप है कि उत्पीड़न बढ़ने पर उसने ससुरालियों को कथित रूप से पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की योजना बनाते हुए सुन लिया। इस बात की जानकारी होने के बाद विवाहिता को अपनी जान का खतरा महसूस हुआ और वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने मायके पहुंच गई।पीड़िता के अनुसार, उसके दो बच्चे भी हैं और वह फिलहाल अपने माता-पिता के साथ रह रही है। उसने न्यायालय से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने पीलीभीत के मोहल्ला वागुलशेर खां निवासी आदेश कुमार, रामस्वरूप, हरिओम, लालाराम और प्रिंस के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *