कार्रवाई न हुई तो जनआंदोलन की चेतावनी
पीलीभीत। जनपद में सरकारी तालाबों, ग्राम समाज भूमि, नजूल भूमि, शत्रु संपत्तियों, खेल मैदानों, धोबी घाटों और श्मशान भूमि पर कथित अवैध कब्जों के विरोध में मंगलवार को अखिल भारत हिन्दू महासभा ने सदर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित धरने में संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उप डीएम को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने और दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई।धरने को संबोधित करते हुए पं. पंकज शर्मा ने कहा कि सरकारी तालाबों, ग्राम समाज भूमि और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है, लेकिन लगातार शिकायतों और दस्तावेज उपलब्ध कराने के बावजूद अधिकांश मामलों में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के छोटे अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई होती है, जबकि प्रभावशाली लोगों द्वारा सरकारी जमीनों पर कथित कब्जों के मामलों में फाइलें वर्षों तक लंबित रहती हैं। उन्होंने पकड़िया नौगवां एतमाली स्थित वसुंधरा कॉलोनी का उल्लेख करते हुए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित भूमाफियाओं, कॉलोनाइजरों तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।संगठन ने चंदोई क्षेत्र के तालाब, खेल मैदान और धोबी घाटों पर कथित अतिक्रमण, चिड़ियादाह समेत विभिन्न गांवों की श्मशान भूमि पर कब्जों तथा नकटादाना सहित शत्रु संपत्तियों की जांच का मुद्दा भी उठाया। वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियां जनता की धरोहर हैं और इनके संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पंडित पंकज शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो हिन्दू महासभा जनपदव्यापी जनजागरण अभियान चलाते हुए तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक बड़ा आंदोलन करेगी। धरने के उपरांत संगठन ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

