गुरुपूर्णिमा पर अखण्ड पाठ व भंडारे के बाद संत-महात्माओं को दी दक्षिणा,भावपूर्ण विदाई

Suresh Pal
2 Min Read

पीलीभीत।रामलीला मैदान के सामने स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में गुरुपूर्णिमा के उपलक्ष्य में आयोजित अखण्ड पाठ, भंडारे और भजन-कीर्तन कार्यक्रम का समापन संत-महात्माओं की विदाई के साथ हुआ। गुरुवार को मंदिर के महंत बाबा राघवदास ने दूर-दराज से आए संत-महात्माओं को श्रद्धापूर्वक दक्षिणा देकर विदाई दी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संतों से आशीर्वाद प्राप्त कर धर्म और अध्यात्म से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें भी सुनीं।श्रीराम जानकी मंदिर के महंत बाबा राघवदास के सानिध्य में गुरुपूर्णिमा के अवसर पर 28 जुलाई से अखण्ड पाठ एवं भंडारे का आयोजन शुरू किया गया था। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सहभागिता की। अखण्ड पाठ एवं भंडारे के पश्चात मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम करने वाले संत-महात्माओं द्वारा रातभर भजन-कीर्तन किया गया। भजनों और धार्मिक वातावरण से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। देर रात तक श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना जारी रहा। श्रद्धालुओं ने संत-महात्माओं के भजन- कीर्तन का श्रवण किया और उनसे आध्यात्मिक एवं धार्मिक ज्ञान प्राप्त किया।गुरुवार को कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंदिर के महंत बाबा राघवदास ने विधिवत भोग लगाकर भगवान का पूजन किया। इसके बाद दूर-दराज से आए संत-महात्माओं को भंडारे में प्रसाद ग्रहण कराया गया। संतों के सम्मान में महंत बाबा राघवदास ने उन्हें दक्षिणा प्रदान कर ससम्मान विदाई दी। इस दौरान संत- महात्माओं ने मंदिर प्रबंधन एवं आयोजकों को आशीर्वाद प्रदान किया।आयोजन में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, निगोही, पीलीभीत, न्यूरिया हुसैनपुर, बंडा, जितौरिया, लुकटिहाई, बलरामपुर, कसगंजा, अमरैयाकलां, खाता, तकियादीनारपुर, सुखदासपुर और देवीपुर समेत कई स्थानों से आए संत-महात्माओं ने सहभागिता की।विदाई समारोह में महंत बाबा राघवदास, बाबा जीवन दास, नत्थूदास, देवेंद्र पुरी, कामता दास, भगवान दास, सियाराम दास, हिमांशु सैनी, शिवम भारती सहित कई श्रद्धालु एवं भक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
—————————-

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *