ईडब्ल्यूएस रिपोर्ट विवाद: लेखपाल से मारपीट के आरोप में अधिवक्ता पर मुकदमा

Suresh Pal
2 Min Read

कौशाम्बी। तहसील चायल परिसर में ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र की रिपोर्ट लगाने को लेकर मंगलवार को हुए विवाद के मामले में पुलिस ने अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेखपाल की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, अभिलेख फाड़ने और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। चायल तहसील के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के लेखपाल राजेश्वर सिंह ने पिपरी थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार दोपहर वह तहसील परिसर में बैठक के बाद एसडीएम कार्यालय से रियल टाइम खतौनी के प्रपत्र लेने जा रहे थे। इसी दौरान अधिवक्ता प्रशांत मिश्र ने अपने रिश्तेदार के ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र में रिपोर्ट लगाने का दबाव बनाया।
लेखपाल के अनुसार, संबंधित मामला उनके क्षेत्र का न होने की बात कहकर रिपोर्ट लगाने से इनकार करने पर अधिवक्ता ने उनके साथ मारपीट की, शर्ट फाड़ दी और हाथ में मौजूद सरकारी प्रपत्र भी फाड़ दिए। शोर सुनकर साथी लेखपाल मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घटना से सरकारी कार्य भी बाधित हुआ। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने लेखपाल की तहरीर के आधार पर अधिवक्ता प्रशांत मिश्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इसी प्रकरण को लेकर अधिवक्ता और लेखपाल पक्ष के बीच विवाद के बाद तहसील परिसर में तनाव की स्थिति बनी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *