बरसात में दलदल बनी सड़क, ग्रामीणों का बढ़ा संकट

Suresh Pal
2 Min Read

लोक निर्माण विभाग ने 2-3 दिन में मरम्मत का दिया भरोसा

आत्माराम त्रिपाठी

बांदा लगातार दो दिन की बारिश के बाद जसपुरा क्षेत्र की मडौली कला से इछावर, चंदवारा, पियासी डेरा, सबादा और महबरा गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल और जोखिम भरा हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों के साथ दो इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी आते-जाते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले क्षेत्र भ्रमण के दौरान सड़क की जर्जर स्थिति देखी गई थी, लेकिन लगातार बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए। सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गई है। इससे स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी।

सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मामले से अवगत कराया गया और सड़क की तस्वीरें भेजी गईं। उनके निर्देश पर सहायक अभियंता अभय कुमार ने जानकारी ली, जबकि कनिष्ठ अभियंता मधुर ने ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क की खराब स्थिति को गंभीरता से लिया।

निरीक्षण के बाद विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मौसम साफ होते ही दो से तीन दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी। ग्रामीणों से अपील की गई है कि विभाग को कुछ दिन का समय दिया जाए। यदि तय समय में मरम्मत नहीं हुई तो आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *