देश

national

11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री जी करेंगे उज्जैन स्थित महाकाल लोक परिसर का लोकार्पण

Sunday, October 9, 2022

/ by Today Warta



जालपा देवी मंदिर में आयोजित होगा मुख्य कार्यक्रम ,महापौर प्रीति संजीव सूरी नें कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर दिए निर्देश

कटनी।आगामी 11 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा उज्जैन में महाकाल लोक परिसर का लोकार्पण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुख्य कार्यक्रम स्थल जालपा देवी वार्ड स्थित जालपा देवी मंदिर सहित शहर के विभिन्न मंदिरों एवं चौराहों में एल.ई.डी स्क्रीन के माध्यम से जन समूह द्वारा देखा व सुना जायेगा।

स्थानीय स्तर पर जालपा देवी मंदिर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों के संबंध में रविवार दोपहर महापौर  प्रीति संजीव सूरी एवं आयुक्त  सत्येन्द्र सिंह धाकरे द्वारा निगम के अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति में जालपा मंदिर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर प्रीति संजीव सूरी द्वारा मॉ जालपा मंदिर के पुजारी  लाल जी पंडा से कार्यक्रम आयोजन के संबंध में विस्तार से चर्चा की जाकर मंदिर प्रांगण स्थल का निरीक्षण व निर्धारण करते हुए कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करनें में निगम प्रशासन का सहयोग प्रदान करनें की अपील की गई। इस दौरान निगम के उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम से संबंधित समस्त आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम प्रभारी अधिकारी एवं उपायुक्त पवन कुमार अहिरवार, प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.पी.मिश्रा, सहायक यंत्री आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी  जागेश्वर पाठक, नागेन्द्र पटेल   सहित अन्य अधिकारी, समाज सेवी  राजू अग्रवाल, संजीव सूरी, अजय सरावगी, प्रफुल्ल सोनी  नरेश अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

11 अक्टूबर को प्रातः 7ः30 बजे मधई मंदिर से आयोजित होगी प्रभात फेरी

नगर निगम आयुक्त  सत्येन्द्र सिंह धाकरे द्वारा निरीक्षण के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 11 अक्टूबर को शाम 6 बजे से मान. प्रधानमंत्री जी के संबोधन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जायेगा। इसके पूर्व 11 अक्टूबर को ही प्रातः 7ः30 बजे से मधई मंदिर से प्रभात फेरी का आयोजन किया जावेगा। प्रभात फेरी दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, झंडा बाजार, लक्ष्मी नारायण मंदिर ,आजाद चौक, जगन्नाथ चौक होते हुए जालपा मंदिर में प्रभात फेरी का समापन किया जायेगा। तत्पश्चात मॉ जालपा देवी मंदिर में सायंकाल 4ः30 बजे से भजन, कीर्तन का आयोजन, शाम 5ः30 बजे से दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा इसके उपरान्त लोकार्पण एवं संबोधन कार्यक्रम का सीधा  प्रसारण दिखाया जायेगा। महापौर  प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त  सत्येन्द्र सिंह धाकरे ने नगर की धर्म प्रेमी जनता से कार्यक्रम में शामिल होकर इस अद्भुत पल का साक्षी बनने की अपील की है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'