देश

national

पार्टियों ने नहीं बनाए बीएलए, लगभग 25 हजार वोटर बढ़ेंगे, अंचल में आएंगे ज्वाइंट सीइओ

Thursday, November 10, 2022

/ by Today Warta



निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष संक्षप्ति पुनरीक्षण शुरू, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने का काम शुरू

9 नवंबर से 8 दिसंबर तक चलेगा पुनरीक्षण

ग्वालियर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई हैं। आयोग का काम अपनी रफ्तार में शुरू हो गया है। इसी कड़ी में 9 नवंबर से वोटर लिस्ट यानि निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू हो गया है। 9 नवंबर से 8 दिसंबर 2022 तक यह चलेगा जिसमें बीएलओ यानि बूथ लेवल आफिसर जिनकी ट्रेनिंग हो चुकी है वे घर घर सर्वे कर रोज पोलिंग बूथ पर बैठकर नाम जोड़ने घटाने का काम करेंगें। वहीं यह भी सामने आया कि राजनीतिक पार्टियों ने 2013-14 के विधानसभा चुनाव से अभी तक बूथ लेवल एजेंट नहीं बनाए हैं, इस कारण नाम-जोड़ने घटाने के काम में सुधार पूरी तरह नहीं हो पाता है। बुधवार को भी राजनीतिक दलों की जो बैठक जिला निर्वाचन के अधिकारियों के साथ हुई उसमें यह बात दल के प्रतिनिधियों के सामने रखी गई। वहीं इस बार संक्षिप्त पुनरीक्षण में लगभग 25 हजार वोट बढ़ने का अनुमान है,जबकि आयोग की ओर से 42 हजार का लक्ष्य मिला है। जल्द ग्वालियर चंबल-संभाग में ज्वाइंट सीइओ मप्र आएंगे और समीक्षा करेंगें।

दक्षिण के आठ बूथ घटे,अब संख्या 1729, पांच जनवरी को अंतिम प्रकाशन

सीईओ जिला पंचायत आशीष तिवारी ने बताया कि पुनरीक्षण गतिविधियों के अंतर्गत एकीकृत निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन 9 नवम्बर 2022 को किया गया। इसके साथ ही दावे एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि 9 नवम्बर से 8 दिसम्बर 2022 रहेगी। इसके साथ ही विशेष कैम्प 12, 13, 19 एवं 20 नवम्बर को आयोजित किए जायेंगे। दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 26 दिसम्बर को होगा। इसके साथ ही नामावलियों के हैल्थ पैरामीटर को जांचना और अंतिम प्रकाशन के लिये आयोग की अनुमति प्राप्त करना एवं डाटाबेस को अपडेट करना और परिशिष्टों को मुद्रित कराने का कार्य 3 जनवरी 2023 को किया जायेगा। नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी को होगा। वहीं दक्षिण विधानसभा के आठ बूथों को घटाया गया है जिससे अब जिले में संख्या 1737 की बजाए 1729 हो गई है।

राजनीतिक दलों की बैठक: दलों को बताया बीएलए बनाएं

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि एक जनवरी 2023 के मान से फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत जानकारी देने के लिये निर्वाचन कार्यालय द्वारा स्टेंटिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। सीईओ जिला पंचायत आशीष सक्सेना की अध्यक्षता में बुधवार 9 नवम्बर को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में सभी राजनैतिक दलों के सदस्यों को नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी गई। इसमें यह भी कहा कि बीएलए नियुक्त करें। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य ग्रामीण भाजपा सतेन्द्र धाकड़, संयोजक चुनाव प्रबंधन चंद्रप्रकाश गुप्ता और अध्यक्ष कांग्रेस कार्यकारी ग्रामीण सुल्तान सिंह के साथ ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी गुप्ता आदि उपस्थित थे।

एक दिसंबर 2023 के आधार पर होेंगे आगामी चुनाव

-एक दिसंबर 2023 तक की स्थिति में होने वाली वोटर लिस्ट के आधार पर ही आगामी विधानसभा चुनाव हाेंगें। बुधवार को प्रारूप प्रकाशन किया गया है।

-एक अप्रैल,एक जुलाई, एक अक्टूबर 2023 की इन दिनांकों को मानकर पुनरीक्षण किया जा रहा है इन दिनांक को जो 18 साल का हो रहा है वह एडवांस में अपना आवेदन दे सकता है, लेकिन यह आवेदन तभी प्रोसेस में आएगा जब उम्र 18 साल हो जाएगी।

-भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रारूप 6,7 व 8 में संशोधन कर दिए गए हैं जिसमें प्रारूप आठ में संशोधन, स्थानांतरण, डुप्लीकेट इपिक आदि के लिए आवेदन किया जाएगा।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'