कलीनगर/पीलीभीत। गुरुवार को कलीनगर तहसील क्षेत्र के चित्तरपुर स्थित हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।हादसे की सूचना मिलते ही संधू फार्मर सोसाइटी के उपाध्यक्ष केपी संधू मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली पूरनपुर की ओर से आ रही थी, जबकि कार सवार बाइफरकेशन की ओर घूमने जा रहे थे। इसी दौरान नहर पुल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी है।

