आत्माराम त्रिपाठी
बांदा। विश्व प्राकृतिक संरक्षण दिवस पर मंगलवार को केन नदी तट पर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा और गंगा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में केन मां की भव्य महाआरती आयोजित की गई। इसमें हजारों श्रद्धालु, संत और समाजसेवी शामिल हुए।
महाआरती के बाद सभी ने संकल्प लिया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाएगा और 5 साल तक उसकी देखभाल करेगा। आयोजकों ने कहा कि इससे बांदा प्रदेश का सबसे हरित जनपद बन सकता है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी से मांग की गई कि शासन के दावे अनुसार जनपद में लगाए गए 64 लाख पौधों का स्थानवार, विभागवार, जियो-टैग और फोटो सहित सार्वजनिक विवरण 15 दिन में जारी किया जाए। लोगों ने सवाल उठाया कि ये पेड़ धरातल पर हैं या केवल कागजों पर।
विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि केन मां की रक्षा के लिए वृक्ष और गौ संरक्षण जरूरी है। कार्यक्रम में अनीता गुप्ता, आरती सिंह, वीरेंद्र गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

