देश

national

दिल्ली फ्रेंचाइजी को कोहली को गंवाने का अभी भी है पछतावा

Tuesday, February 14, 2023

/ by Today Warta



नई दिल्ली। साल 2008 में दिल्ली की टीम के पास विराट कोहली को खरीदने का मौका था, लेकिन दिल्ली ने यह मौका जाने दिया था। इसके बाद से इस फ्रेंचाइजी ने भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले हर कप्तान को खरीदा है।  विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हो चुकी है। सभी पांच फ्रेंचाइजी ने कुल 87 खिलाड़ियों को खरीदा है। दिल्ली की टीम ने इस नीलामी में 18 खिलाड़ियों को खरीदा है। इनमें से 12 भारतीय और छह विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने आॅस्ट्रेलिया की सबसे ज्यादा तीन खिलाड़ियों पर दांव लगाया। उसने इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका की एक-एक खिलाड़ी को भी खरीदा। दिल्ली की टीम ने शेफाली वर्मा पर भी करोड़ों का दांव लगाया है। शेफाली को दो करोड़ रुपये देकर दिल्ली ने खरीदा है। 

दिल्ली फ्रेंचाइजी 2012 से भारत को अंडर-19 ट्रॉफी दिलाने वाले हर कप्तान पर दांव लगाती रही है। साल 2012 में उनमुक्त चंद ने भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताया था और दिल्ली ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इसके बाद 2018 में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में भारत ने अंडर-19 विश्व कप जीता और शॉ अभी भी दिल्ली की टीम का हिस्सा हैं। 2022 में यश धुल ने देश को अंडर-19 विश्व कप जिताया और दिल्ली ने उन्हें भी अपने साथ जोड़ लिया। 2023 में शेफाली वर्मा की कप्तानी में भारत ने महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप जीता और अब दिल्ली फ्रेंचाइजी ने विमेंस प्रीमियर लीग की नीलामी में उन्हें भी खरीद लिया है।

कोहली को गंवाने का पछतावा कर रही दिल्ली

साल 2008 में दिल्ली की टीम के पास विराट कोहली को अपनी टीम में शामिल करने का मौका था। उस समय अंडर-19 के खिलाड़ियों को ड्राफ्ट के जरिए नीलाम किया जा रहा था। ऐसे में सबसे पहले दिल्ली की टीम को विराट कोहली को अपनी टीम में शामिल करने का मौका दिया गया था, लेकिन दिल्ली ने उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान को खरीदने का फैसला किया। विराट बैंगलोर की टीम में चले गए और इसके बाद उन्होंने इतिहास रच दिया। अब तक बैंगलोर ने उन्हें किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के पास जाने नहीं दिया है।  दिल्ली भले ही कोहली के बाद हर अंडर-19 विश्व कप चैंपियन टीम के कप्तान को खरीदती रही हो, लेकिन अब तक कोई भी कप्तान उन्हें ट्रॉफी नहीं दिला पाया है। इनमें से कोई भी खिलाड़ी दिल्ली का भी कप्तान नहीं बना है। हालांकि, विराट की टीम आरसीबी भी अब तक चैंपियन नहीं बनी है, लेकिन ने बतौर बल्लेबाज आरसीबी के लिए कमाल किया है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'