कानपुर। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच शहरवासियों को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साइबर पुलिस थाने का संचालन अब नए परिसर से शुरू कर दिया गया है। रेल बाजार स्थित साइबर थाना अब 112 पुलिस लाइंस, सिविल लाइंस स्थित नए भवन में स्थानांतरित हो गया है। नए परिसर में अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर और आधुनिक तकनीकी उपकरणों से लैस टेक्निकल सेल स्थापित की गई है। यहां साइबर अपराधों की जांच, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और तकनीकी सहायता का कार्य पहले की तुलना में अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नए भवन में एसीपी और थाना प्रभारी (एसएचओ) के कार्यालय के साथ आम नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। इससे साइबर ठगी और आॅनलाइन अपराध से संबंधित शिकायतों के पंजीकरण एवं निस्तारण की प्रक्रिया अधिक सुगम और तेज होगी।

