प्रयागराज। पूरामुफ्ती में रविया (26) के हत्यारोपी उसके पति सलमान ने बेरहमी की हदें पार कर दी थीं। उसने गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसका सिर व हाथ काटकर धड़ से अलग कर दिया था। इसके बाद सिर व हाथ जमीन में दफना दिया था। उसे शनिवार को जेल भेज दिया गया। पति-पत्नी, दोनों मरियाडीह के रहने वाले थे। एक दिन पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इससे पहले उसकी ही निशानदेही पर मरियाडीह जंगल से कंकाल बरामद किया था। पूछताछ के दौरान उसने जो बताया, उसे सुनकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। उसने बताया कि गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसने पहचान छिपाने के लिए सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। साथ ही दोनों हाथ भी छूरे से काट दिए। इसके बाद धड़ को बोरे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया। जबकि सिर व हाथ पानी भरे गड्ढे के नीचे दफना दिए। कपड़ों को भी जला दिया। इसके बाद छूरे को पास ही स्थित अमरूद की बाग में मिट्टी व घास के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने जब उससे मृतका के हाथ काटने की वजह पूछी तो उसने बताया कि घटना से कुछ दिनों पहले उसने हाथों में मेहंदी रचाई थी। इसमें उसका नाम भी लिखा था। उसे डर था कि कहीं हथेली में नाम लिखा होने से उसकी पहचान न हो जाए। सलमान ने पूछताछ में बताया कि रविया से उसके प्रेम संबंध थे लेकिन वह उससे निकाह नहीं करना चाहता था। रविया के दबाव में ही उसे निकाह करना पड़ा।