निर्माण के छ महीने में ही खराब हो गया आरओ प्लांट
सरायअकिल,कौशाम्बी। सरायअकिल कस्बेवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत सरायअकिल में आरओ प्लांट का निर्माण किया गया था। प्लांट का उद्घाटन चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने किया था। लेकिन निर्माण के छ महीने में ही आरओ प्लांट खराब हो गया। शो पीस बने प्लांट से कस्बाइयों को शुद्ध पेयजल की किल्लत है। नगर के जिम्मेदार खराब पड़े प्लांट के बारे में पूछने पर गोलमोल जवाब देते हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है। सराय अकिल कस्बे के निवासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो सके। इसी उद्देश्य से जनवरी 2020 में नगर पंचायत द्वारा नौ लाख 45 हजार रुपये की लागत से आरओ प्लांट का निर्माण किया गया था। जिसका लोकार्पण पूर्व चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत अध्यक्ष शिवदानी की उपस्थिति में किया था। कस्बा के मनचंद्र, सोमनाथ, राजूलाल, राकेश, दिनेश, संजय, मिश्रीलाल, बाबूलाल, सुखदेव, आदि का कहना है कि आरओ प्लांट से कस्बाइयों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए 84 डिब्बा (थर्मस)भी मंगवाया गया था। नगर पंचायत द्वारा आरओ के डिब्बा बंद पानी का नि:शुल्क कस्बाई लोगों के लिए था,लेकिन जिम्मेदारों द्वारा आम लोगों को पांच रुपया प्रति डिब्बा व नगर पंचायत के कुछ अपने चहेतों के लिए के लिए निशुल्क दिया जाता था। लेकिन इसे कस्बाइयों का दुर्भाग्य कहें अथवा नगर पंचायत के जिम्मेदार लोगों की लापरवाही। आरओ प्लांट शुरू होने के छ महीने में ही खराब हो गया। पानी की आपूर्ति के लिए खरीदे गए ज्यादातर डिब्बे भी गायब हो गये। नगर पंचायत के लोगों की उदासीनता के चलते आज तक आरओ प्लांट खराब पड़ा है,जिससे कस्बे के लोगों को शुद्ध पेयजल की किल्लत है। जिम्मेदार लोगों की उदासीनता के चलते लोगों में नाराजगी भी है।
बोले ईओ
खराब पड़े आरओ प्लांट के बारे में पूछताछ करने पर ईओ लालजी यादव गोलमोल जवाब देते हैं,उनका कहना है कि मशीन पानी ठंडा नहीं कर पा रही है। इसी कारण सप्लाई नहीं की जा रही है, बनवाने का प्रयास किया जा रहा है।