हिमाचल में मानसून का बरपा कहर, 24 घंटे में 16 की मौत
शिमला। देवभूमि हिमाचल में मानसून विदा होने से पहले कहर बरपा रहा है। बीते 24 घंटे में 11 जगह बाढ़, बादल फटने, भूस्खलन और सड़क दुर्घटना की खबरें आई हैं। इन हादसों में 16 लोगों की मौत हुई है, 16 घायल हुए हैं, जबकि 5 लापता हैं। सिरमौर के रोनाहट के खिजवाड़ी गांव में बीती रात एक मकान पर मलबा गिरने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां, उसके तीन बच्चे और एक भानजी शामिल है।सिरमौर के ही बड़ू साहिब में बीती रात भारी बारिश हुई। एक ट्रस्ट के कालेज में पानी घुस गया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि यहां पढ़ने वाले करीब 4000 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। कुछ गाड़ियां भी बाढ़ में बह गईं। सिरमौर के ही मोजा मंडी में एक व्यक्ति बाढ़ में बह गया जिसकी तलाश की जा रही है। कुल्लू के जलोड़ी पास में एक ट्रेवलर दुर्घटनाग्रस्त होने से 7 लोगों की मौत हो गई। 10 छात्र घायल हो गए। उधर, चंबा की ढिमका पंचायत के बकनी में बीती रात बाढ़ के बाद से तीन व्यक्ति लापता हैं। किन्नौर के पागल नाला में बाढ़ से भारी तबाही हुई है। शिमला जिला के बाघ स्कूल बारिश में जमींदोज हो गया है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 8 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं।