भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही में रविवार शाम को 8 बजे एक दुर्गा पंडाल में 5 लोग जिंदा जल गए। इनमें 3 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब भगवान शंकर और मां काली की लीला का मंचन चल रहा था। मंच के सामने 200 से ज्यादा लोग बैठे थे। इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल थे। तभी मंच के दाईं तरफ अचानक आग भड़क गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, '20 सेकेंड में आग पूरे पंडाल में फैल गई। पहले तो लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया। जैसे ही आग की लपटें बढ़ीं, अफरा-तफरी मच गई। जिसे जहां जगह मिली, लोग वहां भागने लगे। भीड़ ज्यादा होने की वजह से लोग जब तक बाहर निकलते, उससे पहले आग की चपेट में आ गए।' स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें निकाला। तब तक 67 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
पांचों ने अस्पताल में दम तोड़ा
सभी घायलों को इलाज के लिए वाराणसी और प्रगायराज ले जाया गया। हादसे के 3 घंटे बाद रविवार रात 11 बजे घायल 12 साल के अंकुश सोनी और 45 साल की जया देवी ने दम तोड़ दिया। इसके बाद, सोमवार सुबह 9 बजे फिर बुरी खबर आई। 8 साल के हर्षवर्धन, 10 साल के नवीन और 48 साल की आरती भी जिंदगी की जंग हार गईं। इस तरह इस हादसे में अब तक 5 लोग दम तोड़ चुके हैं। 47 की हालत गंभीर है। इनके अलावा 15 लोग मामूली रूप झुलसे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
शार्ट सर्किट की वजह से हुआ हादसा
प्रशासन ने हादसे की वजह पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। एक प्रत्यक्षदर्शी महिला बुद्धी ने बताया कि शार्ट-सर्किट की वजह से आग लगी। इसके बाद पूरे पंडाल में फैल गई। एक और महिला ने बताया, 'पंडाल में बहुत तेजी से आग फैली थी। आग की लपटें ऊपर तक जा रही थीं। लोग खुद ही बचाव के लिए आ गए। पानी डालने लगे। किसी तरह लोगों को बचाया गया।'

Today Warta