रावेंद्र शुक्ला
प्रयागराज। यमुनापार इलाके करछना क्षेत्र के धरवारा हनुमानपुर गांव में सोमवार की देर रात घर के बाहर टहल रहे युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। धरवारा गांव के मजरा हनुमानपुर निवासी 40 वर्षीय प्रमोद दुबे सोमवार की रात गांव में ही अपनी किराने की दुकान के पास घर के बाहर टहल रहे थे।इस दौरान अज्ञात लोगों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रमोद के परिवार के लोगों ने बताया कि गोली भी चलाई गई है। फायरिंग करने के बाद हमलावर भाग गए। कुछ देर बाद घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल प्रमोद दुबे को सीएचसी करछना में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घायल प्रमोद दुबे ने पुलिस को बताया कि उसने गोली की आवाज़ सुनी थी, उसके बाद कंधे और सिर में जलन होने लगी। तभी दो लोग भागते हुए दिखे, जिनको वह पहचान नहीं सका। वहीं थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह ने बताया घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है। शरीर में कहीं गोली फंसी हुई नहीं थी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि मामला क्या है।