देश

national

विद्यालय का कम्प्यूटर प्रधानाध्यापको के घरो की बढ़ा रहें शोभा

Wednesday, November 9, 2022

/ by Today Warta



राकेश केसरी

छात्र.छात्राओं को कम्प्यूटर का ज्ञान देने में अनुदेशक भी नही ले रहें रुचि

कौशाम्बी। जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कम्प्यूटर शिक्षा योजना दम तोड़ रही है। योजना के तहत कम्प्यूटर सेट उपलब्ध तो कराए गए लेकिन ज्यादातर विद्यालयों में लगे कम्प्यूटर सेट गुरुजनों के घर की शोभा बढ़ा रहे हैं। एक दसक पूर्व-पूर्ववर्ती सरकार के शासनकाल में परिषदीय विद्यालय के बच्चों को भी कम्प्यूूटर शिक्षा की जानकारी देने का निर्णय लिया गया था। कम्प्यूटर शिक्षा योजना के तहत उन विद्यालयों का चयन किया गया जिनमें छात्र संख्या 100 या उससे अधिक थी। चयन के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा गया और फिर ऐसे सौ से अधिक विद्यालयों में कम्प्यूटर की शिक्षा देने के लिए कम्प्यूटर सेट जिला मुख्यालय पर भेजे गए। इसके लिए अनुदेशकों की तैनाती भी विद्यालयों में कर दी गई। इन सबके बावजूद परिषदीय विद्यालयों में कम्प्यूटर शिक्षा योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि ज्यादातर विद्यालयों के कम्प्यूटर प्रधानाध्यापकों के घर मौजूद हैं। दरअसल परिषदीय विद्यालय आबादी से दूर होते हैं। ऐसे में वहां स्कूल अवधि के बाद कम्प्यूटर सेटों को सुरक्षित रख पाना एक बड़ी चुनौती है। इसी से बचने के लिए ही आमतौर पर कम्प्यूटर सेटों को विद्यालय में रखने की बजाए घरों तक पहुंचा दिया गया है। एक सच यह भी है कि कम्प्यूटर शिक्षा के लिए अनुदेशकों की तैनाती भले ही कर दी गई हो,लेकिन परिषदीय विद्यालयों में कम्प्यूटर शिक्षा का माहौल नहीं बन पा रहा है। शमसाबाद निवासी मनोज कुमार यादव कहते हैं कि गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कम्प्यूटर शिक्षा की सुविधा है,लेकिन वह धूल फांक रहा है। मलाक पीजरी के रामलाल व बारातफारीक के उमेश कुमार भी बच्चों के कम्प्यूटर शिक्षा को लेकर परिषदीय विद्यालयों में व्याप्त मनमानी के माहौल से खासे आहत हैं। उधर, कम्प्यूटर शिक्षा को लेकर एक मुश्किल यह कि 20 कम्प्यूटर अभी भी राजस्व प्रशासन के पास हैं। दरअसल जनगणना के कार्य में बेसिक शिक्षा विभाग से कम्प्यूटर लिए गए थे। इनमें से 20 कम्प्यूटर अब तक वापस नहीं किए जा सके हैं। विभाग के अनुसार उन्हीं विद्यालयों को कम्प्यूटर शिक्षा के लिए चयनित किया गया था, जहां पर बिजली व चहारदीवारी की सुविधा हो। बीएसए ने बताया कि कम्प्यूटर शिक्षा के लिए अनुदेशक तैनात हैं। कहीं व्यवधान हो सकता है लेकिन आमतौर पर बच्चों को कम्प्यूटर की जानकारी दी जा रही है। 


Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'