राकेश केशरी
कौशांबी। कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ-7 से बचाव व उपचार के लिए जनपद स्तर पर तैयारी तेज कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि "सभी स्वास्थ्य इकाई पर मानक अनुसार ड्यूटी रोस्टर तैयार कर लिया गया है। सभी चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ को पीडियाट्रिक कोविड केयर में भी परीक्षण दिया गया है। प्राथमिक तौर पर कोरोना के सर्वाधिक खतरे वाले स्थानों पर क्लस्टर सैंपलिंग कराई जाएगी। इसमें आशा कार्यकर्ताओं की मदद से सर्दी- जुकाम व बुखार वाले लोगों को चिन्हित कर उनकी भी जांच कराई जाएगी। न्होंने बताया कि " विदेश यात्रा से लौटे लोगों पर नजर रखी जा रही है और उनकी कोविड जांच भी की जाएगी। जनपद के सभी बीएफ.7 लक्षण युक्त मरीजों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लैब भेजी जाएगी। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ.7 से बचाव व उपचार के लिए शासनादेश जारी किया गया है। महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) ने निर्देशित दिया है की सभी जिला अस्पताल जिन्हें उच्चीकृत कर मेडिकल कॉलेजों में तब्दील किया गया है। उसे डेडिकेटेड कोविड अस्पताल बनाने के लिए चिकित्सा शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग को आपस में समन्वय स्थापित करें। इन कोविड अस्पतालों का संचालन संजय गांधी पीजीआई के निदेशक प्रो. आरके धीमान की अध्यक्षता में गठित राज्य सलाहकार कमेटी के सुझावों के अनुसार किया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि ” जनपद की सभी स्वास्थ्य इकाइयों की बात करें तो 300 बेड की व्यवस्था है इसमें आईसीयू बेड भी हैं। वहीं पिडियाट्रिक कोविड केयर में कुल 80 बेड व 18 आईसीयू/एचडीयू बेड,9 वेंटिलेटर, 2 एनएफ़एनसी, 19 बाइपेप,124 ऑक्सीज़न सिलेन्डर (डी टाइप) व 161 (बीटाइप) हैं।10 लीटर के 116 व 5 लीटर के 119 कुल ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर की व्यवस्था है। ऑक्सीजन प्लांट जिला अस्पताल में 3 है जिसमें कोविड एल टू हॉस्पिटल में एक ऑक्सीजन प्लांट एक हज़ार एलपीएम का है। दूसरा ऑक्सीजन प्लांट बैकअप के लिए 500 एलपीएम का है। तीसरा ऑक्सीजन प्लांट 1000 एलपीएम है जो जाच्चा बच्चा विंग के लिए स्थापित है। कोविड एल वन प्लांट चिकित्सालय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंझनपुर विस्तार पटल में 500 एलपीएम प्लांट स्थापित है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा में 500 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित है। वहीं चौथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायअकिल में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था है।

Today Warta