प्रयागराज। नैनी के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में बिना अनुमति के अटल बिहारी वाजपेयी जयंती कार्यक्रम आयोजित करने पर महिला हेडमास्टर मुख्य अतिथि भाजपा विधायक पीयूष रंजन पर बरस पड़ीं। उनका गुस्सा देखकर विधायक हाथ जोड़कर उन्हें समझाने की कोशिश रहते रहे। लेकिन, वह नही मानी और पुलिस बुला ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हेडमास्टर कार्यक्रम के बीच में विद्यालय पहुंच गई थीं। वह विधायक से पूछती रही कि आप बिना उनकी अनुमति स्कूल में कैसे कार्यक्रम करा रहे हैं? पर विधायक हाथ जोड़ विनती करते रहे। कार्यकर्ता बताते रहे की विद्यालय के साथ ही परिसर पंचायत भवन का भी है। पर वह टस से मस नहीं हुईं। हंगामे के बीच महिला हेडमास्टर से कार्यकर्ता ने कहा कि आप जो कर रही हैं, वह ठीक नहीं है। आपको सस्पेंड होने में देर नहीं लगेगी। इस पर वह और भड़क गईं। कहा कि मेरी सुनिए। ब्रह्मा कोई नहीं है। सस्पेंड कराकर मेरी जान नहीं ले लेंगे। इस पर विधायक ने कहा कि आप गलत बोल रही हैं। फिर विधायक को रोकते हुए हेडमास्टर ने कहा कि मैं सही बात बोलती हूं, इसीलिए आपकी नजर में गलत हूं। हेडमास्टर ने कहा कि आपको मुझे सूचना तो देनी चाहिए थी। मंच से यही बोल दिए होते कि मैडम आप भी बैठ जाइए। आपको सूचना देना भूल गए। माफी मांग लेते। मैं प्रिंसिपल हूं यहां की। क्या मेरा कोई औचित्य ही नहीं है? हंगामा बढ़ता देख विधायक ने डीएम संजय खत्री को फोन कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी यानी प्रवीण कुमार तिवारी को मौके पर भेजा। बीएसए ने तत्काल प्रभाव से महिला हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया।

Today Warta