राकेश केशरी
सरसवां ब्लाक की दुकानों का किया औचक निरीक्षण
कौशाम्बी। जिले में राशन आपूर्ति व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए संयुक्त आयुक्त खाद्य प्रयागराज मंडल ने सोमवार को जिले की पांच दुकानों का औचक निरीक्षण किया। दुकानों का स्टाक रजिस्टर देखा और ग्राहकों से बात की। संतुष्टि के बाद उन्होंने व्यवस्था को और बेहतर रखने की हिदायत दी और फिर चले गए।संयुक्त आयुक्त खाद्य अमित कुमार मल्ल सोमवार को दिन में लगभग 11 बजे सरसवां ब्लाक के दानपुर गांव पहुंचे। उनके आने की जानकारी होते ही क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, पूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार व शत्रुघ्न सिंह भी मौके पर पहुंचे। संयुक्त आयुक्त ने कोटेदार राजकुमार जायसवाल से स्टाक रजिस्टर के साथ ही वितरित की गई सामग्री की जानकारी मांगी। कितनी सामग्री वितरित की गई, इसका लेखा जोखा लेने के बाद बची सामग्री भी देखी। सब कुछ सही रहा। इसी बीच वहां कुछ कार्डधारक भी आ गए। उनसे संयुक्त आयुक्त ने राशन वितरण को लेकर सवाल जवाब किया। लोगों ने वितरण को लेकर संतुष्टि जताई। इसके बाद संयुक्त आयुक्त पश्चिमशरीरा की दो दुकानों को देखा। यहां भी सब सामान्य रहा। यहां से वह हिनौता और फिर कुम्हियावां पहुंचे। यहां भी राशन वितरण की दुकानों में उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली। उन्होंने अधिकारियों व कोटेदारों को व्यवस्था बेहतर रखने की हिदायत दी। साथ ही कहा कि दुकानों में हर हाल में कोविड नियमों का पालन करते हुए वितरण किया जाए।