इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
सदनशाह से सिद्धन पुल तक की सड़क बेहद क्षतिग्रस्त हालत में, अविलम्ब काम लगाया जाये
ललितपुर। बु.वि.सेना प्रमुख हरीश कपूर टीटू के नेतृत्व में स्थानीय कम्पनी बाग में कार्यकर्ताओं ने सिद्धन बुढ़वार सड़क की दुर्दशा पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सेना प्रमुख ने कहा कि सिद्धन बुढ़वार रोड के लिए पिछले कई माह से जिला प्रशासन आश्वासनों का झूला लगातार झुलाता आ रहा है परंतु इतने दिनों के बाद भी नतीजा सिफर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में लगातार गढ्ढामुक्त अभियान चला रहे हैं परंतु ललितपुर के प्रशासन के रानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। उक्त सड़क पर गढ्डों के कारण कमरदर्द के रोगियों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है। इसके अलावा लोग दुर्घटनाओं के शिकार भी हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देवगढ़ क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज के कारण धौर्रा, जाखलोन और देवगढ़ से आने वाले भारी वाहनों को इसी सिद्धन रोड पर डायवर्ट करके निकाला जा रहा है। इस कारण से इस रोड पर बहुत लोड पड़ रहा है। इसी वजह से यह और अधिक क्षतिग्रस्त होता जा रहा है। इसी सड़क पर रानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, एसडीएस कान्वेन्ट, आईटीआई, समेत दर्जन भर शिक्षण संस्थायें हैं। रोड के क्षतिग्रस्त होने से धूल का गुबार लगातार उड़ रहा है जिसके कारण लोग दमा, ब्रोंकाईटिस, एलर्जी आँखों की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। इन सब परेशानियों के कारण यहां रहने वाले नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सेना प्रमुख ने कहा कि अविलम्ब उक्त सड़क को दुरुस्त किया जाये। अन्यथा की दशा में सेना उग्र आन्दोलन छेडऩे को बाध्य हो जायेगी। धरना प्रदर्शन में महेन्द्र अग्निहोत्री, सुधेश नायक, आनंदमोहन दुबे, प्रदीप रिछारिया, मगन सोनी, कदीर खां, राजकुमार कुशवाहा, मुन्ना त्यागी, अमरसिंह बुन्देला, प्रदीप, प्रताप सोनी, विनोद साहू, शशिप्रताप राजा, संजय सैनी, नंदराम कुशवाहा, गफूर खां, पुष्पेन्द्र शर्मा, भैय्यन कुशवाहा, खुशाल बरार, अमित राजपूत, अखिलेश राजपूत, कामता प्रसाद शर्मा, अमित जैन आदि मौजूद रहे।

Today Warta