देश

national

U-19 विश्वकप फाइनल में दिखा उन्नाव की अर्चना का जलवा, 2 विकेट से तोड़ी इंगलैड की कमर

Monday, January 30, 2023

/ by Today Warta



मोहम्मद जमाल

उन्नाव। महिला अंडर-19 T-20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर विश्व चैंपियन बन गया। इस मैच में उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र के गांव रतईपुरवा की अर्चना छा गई। जिसमें अर्चना की धारदार गेंदबाज ने भी अहम योगदान दिया। अर्चना ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। विदेशी धरती पर अर्चना ने इंग्लैंड की ओपनर ग्रेस स्क्रीवेंस और निमाह हॉलैंड को पॉवेलियन भेजा। भारत की जीत पर रविवार देर रात तक अर्चना के गांव रतईपुरवा में ग्रामीणों ने मिलकर उसके घर में टीवी पर मैच देखा और जीत के बाद पटाखे जलाकर मिठाइयां खिलाकर खुशियां भी मनाई। वहीं ग्रामीणों ने देर रात तक गानों की धुन पर थिरककर जीत का जश्न मनाया। देर रात कर अर्चना के परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। वहीं बेटी की इस कामयाबी को देखकर माँ सावित्री के आंखों से खुशी के आँसू छलक आए। कहा बिटिया ने दुनिया में जनपद का नाम रोशन कर दिया। ऐसे ही खूब तरक्की करे। परिजन मैच देख सकें इसके लिए एक आईपीएस अधिकारी ने इन्वर्टर व बैट्री की व्यवस्था की थी। बता दें कि बांगरमऊ के गाँव रतईपुरवा में रविवार को शाम से ही सन्नाटा पसर गया। इसी गांव की रहने वाली बेटी अर्चना निषाद को पहले विश्वकप के फाइनल मैच में खेलते हुए देखने के लिए उसके घर पर लोगों की भीड़ लग गई। घर के बाहर फूंस के छप्पर के नीचे टीवी रखा गया। देर शाम तक फाइनल मैच देखा गया। वहीं 14 जनवरी को हुए विश्वकप मैच के दौरान बिजली चली गई थी। जिससे पूरे गाँव में मायूसी छा गई थी। परिजनों व ग्रामीणों को किसी तरह से मोबाइल फोन का सहारा लेना पड़ा था।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'