राकेश केशरी
कोरोना से लड़ने के लिए जनपद तैयार
नए वैरियंट बीएफ ७ की पहचान के लिए जाँच जरुरी,विदेश यात्रा करके आयें लोग जरुर कराएँ अपनी जाँच,जनपद में प्रतिदिन हो रही 600 से अधिक लोग की कोरोना की जाँच
कौशाम्बी। कोविड के नए वैरियंट बीएफ 7 से जिला स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। इसी क्रम में कोविड संक्रमण से बचने और लड़ने की तैयारी लगातार चल रही है। जिसको देखते हुए विभाग अब जनपद स्तर से ही प्रतिदिन 600 से अधिक लोगों की कोरोना की जाँच कर रहा है,जिसमे 400 से अधिक रैपिड एंटीजेन टेस्ट व 200 से अधिक आरटीपीसीआर के टेस्ट कर रहा है ,इसकी जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुष्पेंद्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद कौशाम्बी में कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नही हैं। अब नए वैरियंट को देखते हुए कोविड मरीजों के लिए कुल 300 बेड आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। डॉ0 यश अग्रवाल ने जानकारी दी कि संक्रमण की आहट मिलते ही विभाग ने कमर कस ली हैं जिसमे ज्यादा से ज्यादा लोगों की टेस्टिंग पर जोर दिया जा रहा है। कोरोना के समान्य लक्षण दिखने पर भी लोगों की कोरोना की जाँच कराई जा रही,साथ ही जो लोग विदेश यात्रा या अन्य राज्यों से यात्रा करके लौटे है उनका कोरोना का रैपिड एंटीजेन टेस्ट और आरटीपीसीआर का टेस्ट किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के सार्वजनिक जगहों पर भी इस टेस्ट को किया जा रहा है,आरटीपीसीआर टेस्ट जनपद स्तर से भी संभव हो गया हैं। उन्होंने बताया कि इन टेस्ट में अभी तक कोई घनात्मक रोगी नही पाया गया हैं।
जनपद में सुविधा
जनपद की सभी स्वास्थ्य इकाइयों की बात करें तो 300 बेड की व्यवस्था है इसमें आईसीयू बेड भी हैं। वहीं पिडियाट्रिक कोविड केयर में कुल 80 बेड व 18 आईसीयू/एचडीयू बेड,9 वेंटिलेटर, 2एनएफएनसी, 19 बाइपेप,124 आॅक्सीजन सिलेन्डर (डी टाइप) व 161 (बीटाइप हैं। 10 लीटर के 116 व 5 लीटर के 119 कुल आॅक्सीजन कन्सन्ट्रेटर की व्यवस्था है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जनपद में आक्सीजन और बेड की कोई कमी नहीं है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा की पूरी उपलब्धता है। अगर कहीं कोई कमी दिखती है तो उसको तत्काल पूरी करने की कोशिश होगी।
टीकाकरण के आकड़े
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 यश अग्रवाल ने बताया कि जनपद में 12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग में अभी तक 67860 बच्चों ने, 15 से 17 वर्ष के आयु वर्ग में 109273 किशोर किशोरी टीका से प्रति रक्षित हो चुके हैं। वहीं 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग में 791740, व 45 से 59 वर्ष के आयु वर्ग में 234548 और 60 वर्ष से ऊपर 141852 लोगों के टीका लगवा लिया है। डॉ0 यश अग्रवाल ने बताया कि 420239 लोगों को एहतियाती डोज भी लगाई जा चुकी है।

Today Warta