देश

national

चायल में अग्निशमन विभाग की दरकार, नहीं पहल कर रहे जिम्मेदार

Friday, January 20, 2023

/ by Today Warta



राकेश केशरी

भगवान के भरोसे हैं चायल तहसील के तीन ब्लाक और चार नगर पंचायत

निजी भवन नहीं होने से कैंप कर रहे विभाग के कर्मचारी

चायल,कौशाम्बी। तहसील क्षेत्र में आग की घटनाओं से बचने के लिए अग्निशमन विभाग का कोई भी दफ्तर अभी तक तैयार नहीं हो सका है। ऐसे में गर्मी के दिनों में होने वाली आगजनी की घटनाओं को लेकर तहसील क्षेत्र के लोग सुरक्षित नहीं है। क्षेत्र में आग की घटनाओं से निबटने के लिए अभी भी अस्थाई चैकी और केंद्र का सहारा लिया जा रहा है। क्षेत्र में एक अग्निशमन दफ्तर की दरकार है। विभाग को नियमित रूप से स्थापित करने के लिए जिम्मेदार कोई पहल भी नहीं कर रहें है। चायल तहसील के पुर्नस्थापित हुए पंद्रह साल से अधिक का समय हो चुका है। तहसील क्षेत्र में अधिकतर विभागों के दफ्तर स्थापित हो चुके हैं लेकिन अग्निशमन विभाग का दफ्तर अभी तक तैयार नहीं हुआ है। विभाग के स्थापित नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को आगजनी की सामान्य घटनाओं और गर्मी के दिनों में होने वाली परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र नहीं होने से तहसील क्षेत्र के तीन ब्लाक चायल मूरतगंज और नेवादा सहित चार चायल, चरवा, सराय अकिल नगर पंचायत और नगर पालिका भरवारी के लोग भगवान भरोसे हैं। गर्मी के दिनों में प्रत्येक साल होने वाली परेशानी को लेकर क्षेत्र के लोगों ने जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। लेकिन जिम्मेदारों के कोई पहल नहीं करने से अभी तक अग्निशमन दल का यह विभाग क्षेत्र में स्थापित नहीं हो सका है।

अस्थाई चैकी बनाकर लिया जा रहा काम

क्षेत्र में स्थाई रूप से विभाग न स्थापित कर जिम्मेदार प्रत्येक वर्ष अस्थाई चैकी बनाकर काम को निबटा रहें है। इससे विभाग के आधा दर्जन कर्मचारी एक दमकल गाड़ी लेकर प्रत्येक वर्ष चायल ब्लाक परिसर में अस्थाई कैंप लगाते हैं। इसके बाद फिर अभी कर्मचारी फिर से जिला मुख्यालय स्थिति कार्यालय पहुंच जाते हैं।

विभाग के नाम से चिन्हित हो चुकी है जमीन

पांच साल पहले क्षेत्र के लोगों की मांग पर तहसील प्रशासन ने क्षेत्र के मुरादपुर में अग्निशमन विभाग के लिए भूमि का आवंटन विभाग को कर दिया था। लेकिन अनदेखी के चलते यहां पर विभाग का कार्यालय नहीं तैयार हो पा रहा है। क्षेत्रीय लोगों की माने तो यदि विभाग का स्थाई कार्यालय यहां पर स्थापित हो जायेगा तो लोगों को काफी सहूलियत भी मिलेगी।

क्या कहती है क्षेत्रीय विधायक

चायल कि विधायक पूजा पाल का कहना है कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में अग्निशमन विभाग का कोई दफ्तर स्थापित नहीं है। यह मेरे विधानसभा क्षेत्र के लिए गंभीर समस्या है। इसके लिए मैंने विभाग के अलावा शासन को पत्र लिखूंगी। इसके साथ ही इस समस्या को मै सदन में भी उठाऊंगी।


Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'