राजीव कुमार जैन रानू
ललितपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए इलाहाबाद-झांसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से द्विवार्षिक निर्वाचन-2023 में मतदेय स्थलों केे सम्बन्ध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों एवं समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदारों के साथ जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुयी। बैठक में सर्वप्रथम उपस्थित जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया गया तथा बैठक में उपस्थित अधिकारियों/जन प्रतिनिधियों को इलाहाबाद-झॉसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2023 हेतु प्रस्तावित समस्त 08 मतदान स्थलों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। आयोजित बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि गत निर्वाचन में 414 मतदाताओं के सापेक्ष वर्तमान निर्वाचन हेतु कुल 1005 मतदाता जनपद में बनाये गये हैं। आयोग के निर्देशानुसार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु जनपद के समस्त 08 मतदेय स्थलों से सम्बन्धित मतदाताओं को मतदान हेतु अधिकतम 16 कि.मी. से कम दूरी तय करना होगी तथा प्रत्येक मतदान केन्द्र में 01-01 मतदेय स्थल स्थापित हैं। आयोग के निर्धारित मानक के अनुसार प्रति मतदेय स्थल पर अधिकतम 750 मतदाताओं के सापेक्ष जनपद में मतदेय स्थल तहसील भवन, ललितपुर में अधिकतम 413 मतदाता हैं तथा न्यूनतम 20 मतदाता प्रा.वि. गुढ़ा में सम्मिलित हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में स्थापित मतदान केन्द्र पूजा के स्थानों तथा मन्दिरों, चर्चों, मस्जिदों, गुरूद्वारों आदि या धार्मिक महत्व के स्थानों या पुलिस थानों या किसी राजनैतिक दल, दल के प्रसिद्ध सदस्य इत्यादि के भवनों में अवस्थित नहीं हैं। जनपद में उक्त निर्वाचन हेतु निम्नलिखित 08 मतदेय स्थल प्रस्तावित किये गये है। बैठक में तहसील के उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु तहसील क्षेत्र में समाहित मतदेय स्थलों पर सुगम मतदान हेतु समस्त मूलभूत सुविधाएं यथा पेयजल, विद्युत, फर्नीचर, रैम्प, शौचालय इत्यादि की उपलब्धता व्यक्तिगत रूचि लेकर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। चयनित मतदेय स्थलों के अनुमोदन उपरान्त मतदेय स्थलों की संख्या व नाम को भवन के बाहर सुस्पष्ट अंकित कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। उपरोक्त मतदेय स्थलों, केन्द्रों की सूची को समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को हस्तगत कराया गया। जनपद में प्रस्तावित समस्त मतदान केन्द्रों, स्थलों के सम्बन्ध में समस्त राजनैतिक दलों के उपस्थित प्रतिनिधियों के द्वारा प्रस्तुत सूची पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी गुलशन, एसडीएम सदर मो.अवेश, तहसीलदार महरौनी राघवेन्द्र शर्मा, तहसीलदार तालबेहट अभिमन्यु कुमार, सभापति जिला सहकारी बैंक हरीराम निरंजन, बसपा से धर्मेन्द्र कुमार अहिरवार, सी.पी.आई. से का. जमील अहमद, स्नातक विधायक प्रतिनिधि विजय सिंह यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह, जिला निर्वाचन कार्यालय प्रधान सहायक धर्मेन्द्र मौर्य आदि मौजूद रहे।

Today Warta