देश

national

कल महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु लगायेंगें आस्था की डुबकी

Friday, February 17, 2023

/ by Today Warta



रावेंद्र शुक्ला

शिवालयों में  होगा रुद्राभिषेक, निकलेगी बारात

प्रयागराज। महाशिवरात्रि का पर्व शनिवार को श्रद्धा, उल्लास से मनाया जाएगा। शनिवार को भोर से संगम समेत व गंगा-यमुना के घाटों पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। शिवालयों में श्रद्धालु विधिविधान से अभिषेक, पूजन कर मनोवांक्षित फल की कामना करेंगे। तक्षकतीर्थ, नागवासुकि मंदिर, मनकामेश्वर महादेव, दशाश्वमेध मंदिर, सोमेश्वर महादेव, पड़िला महादेव, शिवकोटि महादेव, पंचमुखी महादेव, ललितेश्वर महादेव, दरवेश्वर महादेव, हिम्मतगंज शिवाला, गंगोली शिवाला, खुल्दाबाद शिवाला, मुठ्ठीगंज स्थित भोलेगिरि, बलुआघाट शिव मंदिर, हनुमत निकेतन समेत शहर के सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालु विधिविधान से जलाभिषेक, रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। मंदिरों में एक दिन पहले विशेष तैयारियां शुरू हो गई हैं। मनकामेश्वर मंदिर में प्रवेश द्वार को सजाया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखने बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। वहीं शहर के तमाम इलाकों मेंं भगवान भोले बाबा की शिव बारात भी निकाली जायेगी। इस बारात में हाथी घोड़े के साथ भक्ति गीतों पर लोग नाचते गाते हुए बारात में शामिल होंगे। लोकनाथ चौराहे से भव्यता के साथ शिव बारात निकाली जायेगी।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'