इन्द्रपाल सिंह'प्रिइन्द्र
भाजपा से सरला जैन, सपा से अरूणा शर्मा, कांग्रेस से निधि दुबे व बसपा से क्रान्ति कुशवाहा ने भरा पर्चा
ललितपुर। शहर की प्रथम महिला नागरिक बनने की कवायदों का सोमवार को पहला चरण पूर्ण हो गया। नामाकंन भरे जाने की अंतिम तिथि पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से अधिकृत प्रत्याशी सरला जैन ने नामाकंन पत्र दाखिल किया। मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी से अरूणा शर्मा, कांग्रेस से निधि दुबे और बसपा से क्रान्ति कुशवाहा ने नामाकंन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा शहर के सभी वार्डों से राजनैतिक दलों से अधिकृत व निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामाकंन पत्र दाखिल किया। मंगलवार से निकाय चुनाव के रण में उतरने वाले प्रत्याशियों के लिए आगामी दस दिन काफी महत्वपूर्ण होंगे। इन दस दिनों में मतदाताओं को शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बतायी जायेंगी। तदोपरांत चार मई को निकाय चुनाव के प्रथम चरण में सभी प्रत्याशियों की मेहनत का फल ईव्हीएम में कैद हो जायेगा। जो कि तेरह मई को परिणाम के रूप में सभी के समक्ष होगा। गौरतलब है कि केन्द्र व प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अभिलाषा ग्रुप के मुन्नालाल जैन की धर्मपत्नी सरला जैन जो कि एक ग्रहणी हैं को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। तो वहीं कांग्रेस पार्टी से टिकिट न मिलने से नाराज वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीबाबू शर्मा ने अपनी पत्नी अरूणा कुमारी के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेकर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए टिकिट हांसिल कर नामाकंन पत्र दाखिल किया। वहीं कांग्रेस पार्टी से युवा नेता रामनरेश दुबे की धर्मपत्नी निधि दुबे को प्रत्याशी बनाया गया है। इसी प्रकार बहुजन समाज पार्टी ने क्रान्ति कुशवाहा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामाकंन पत्र दाखिल किया है।