देश

national

मुख्यमंत्री योगी ने दिये बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के निर्देश

Tuesday, August 30, 2022

/ by Today Warta

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में बुंदेलखंड सहित अन्य इलाकों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिये मंत्रियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और हवाई सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि इस क्रम में योगी के निर्देश पर राज्य के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह बुंदेलखंड में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने और राजस्थान से बांधों में अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। इस कारण बुंदेलखंड सहित विभिन्न इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस क्रम में वह बुंदेलखंड का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। स्वतंत्र देव सिंह बुंदेलखंड में इटावा, औरैया, जालौन और हमीरपुर में बाढ़ का जायजा लेंगे। इसके आधार पर सरकार बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करके इसकी भरपाई के उपायों को लागू करेगी। गौरतलब है कि बुंदेलखंड में यमुना और केन के तटीय जिलों बांदा और हमीरपुर तथा बेतवा के तटवर्ती झांसी जिले में पिछले कुछ दिनों से दर्जनों गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा यमुना एवं अन्य सहायक नदियों के तटवर्ती जिले जालौन, इटावा और औरैया में भी तमाम इलाके बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इस बीच सरकार ने झांसी जिले में बाढ़ से जनधन एवं पशुधन को हुए नुकसान का आकलन करने के लिये सर्वे का काम सोमवार को शुरू कर दिया। बुदंलेखंड के सभी जनपदों में कृषि एवं राजस्व विभाग की टीमें फसल को हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटी हैं। शासन स्तर इसकी मॉनीटरिंग हो रही है। 

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'